akhbaar update

सिहोरा में कार और बाइक की भीषण टक्कर, दो बुजुर्गों की मौत

 



जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार दोपहर कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसा मोहासम गांव के पास हुआ। दोनों मृतक एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।

सामाजिक कार्यक्रम में जा रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार ग्राम खुडावल निवासी करण सिंह लोधी उम्र 77 वर्ष और उमाशंकर लोधी उम्र 55 वर्ष शुक्रवार दोपहर बाइक से लिसारी गांव में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। दोनों खुडावल से दिनारी खम्हरिया की ओर जा रहे थे।

तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर

मोहासम गांव के पास उनकी बाइक पहुंची ही थी कि जबलपुर की ओर से आ रही कार क्रमांक यूपी 16 डीजेड 1243 ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे करण सिंह उछलकर कार के बोनट पर जा गिरे। उनके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इलाज के दौरान दूसरे बुजुर्ग की मौत

बाइक पर पीछे बैठे उमाशंकर लोधी के सिर में भी गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से उन्हें सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें जबलपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने पर सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल कार चालक की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच चल रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp