जबलपुर। सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर रील बनाना एटाखेड़ा निवासी संजय उइके को भारी पड़ गया। तिलवारा पुलिस ने चाकू के साथ वीडियो और रील बनाकर प्रसारित करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध बटनदार चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, संजय उइके सोशल मीडिया पर ‘2222 गैंग’ के नाम से वीडियो और रील बनाकर पोस्ट कर रहा था। इन वीडियो में वह हाथ में चाकू लेकर उसे खुलेआम दिखाता नजर आ रहा था।
सोशल मीडिया पर उसकी गतिविधियों की जानकारी पुलिस की साइबर सेल को मिली। इसके बाद पुलिस ने युवक के बारे में जानकारी जुटाई और उसकी गतिविधियों की पुष्टि की। इसके बाद तिलवारा पुलिस ने घेराबंदी कर संजय उइके को पकड़ लिया।
पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पूछताछ और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने संजय उइके को सोमवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।