एक दिन पुराने चावल से बनाई जा रही थी बिरयानी
जबलपुर। मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम लगातार होटल और रेस्टोरेंट की जांच कर रही है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने राइट टाउन स्थित सागर गेरे का निरीक्षण किया।
किचन में साफ-सफाई की व्यवस्था मिली खराब
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट की रसोई में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिली। जांच में यह भी सामने आया कि बिरयानी बनाने के लिए एक दिन पहले तैयार किया गया चावल इस्तेमाल किया जा रहा था। इन अनियमितताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत पाए जाने पर रेस्टोरेंट संचालक को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।
स्टोर में मिला प्रतिबंधित एनालॉग चीज
जांच के दौरान रेस्टोरेंट के स्टोर में प्रतिबंधित एनालॉग चीज भी मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक इसका इस्तेमाल भोजन तैयार करने में किया जा रहा था। टीम ने मौके से एनालॉग चीज और सौंफ के नमूने लिए हैं। वहीं, स्टोर में रखे करीब 19 किलो एनालॉग चीज के पैकेट जब्त कर लिए गए।
विशाल मेगा मार्ट से भी लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
इसी अभियान के तहत शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने राइट टाउन स्थित विशाल मेगा मार्ट की भी जांच की। यहां से सूजी और दलिया के पैकेटों के नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।