akhbaar update

गणेश पंडाल में घुसकर युवकों ने किया हमला, चंदे के पैसे से शराब के लिए मांगे रुपये

 




चंदे के पैसों से शराब पीने के लिए मांगी रकम

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के शक्ति नगर में मंगलवार तड़के गणेश उत्सव समिति के पंडाल में घुसकर तीन युवकों ने समिति के सदस्यों के साथ मारपीट कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने चंदे से जमा रकम में से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। रकम देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और युवकों ने हमला कर दिया।

लकड़ी के पट्टे से युवक पर किए वार

पुलिस के अनुसार शारदा चौक, गढ़ा निवासी यश केवट शास्त्री ब्रिज स्थित दवा दुकान में काम करता है और शक्ति नगर की गणेश उत्सव समिति का सदस्य है। वह सोमवार रात दुकान से सीधे गणेश पंडाल पहुंचा था, जहां समिति के अन्य सदस्यों के साथ उत्सव की तैयारियों में जुटा था।

तड़के करीब चार बजे मोहल्ले के मोंटी दुबे, यश दुबे और हर्ष तिवारी पंडाल पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने यश से चंदे के पैसों में से कुछ रकम शराब पीने के लिए मांगी। यश के मना करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और तीनों ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसी दौरान मोंटी ने लकड़ी का पट्टा उठाकर यश पर कई वार कर दिए। हमले में यश के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

बीच-बचाव करने आए राधे को भी पीटा

पंडाल में अचानक हुई मारपीट से अफरातफरी मच गई। यश को बचाने के लिए राधे शर्मा ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों को आता देख तीनों युवक धमकी देते हुए मौके से भाग गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी

घायल यश को क्षेत्रीय लोगों ने उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद शक्ति नगर क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp