akhbaar update

निर्माणाधीन बिल्डिंग से 40 हजार रुपये के कॉपर वायर चोरी, चौकीदार के सोने का उठाया फायदा

 


जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला अस्पताल की बिल्डिंग को चोरों ने निशाना बनाया। अज्ञात चोर रात के समय बिल्डिंग में घुसे और वहां बिजली फिटिंग के लिए रखा करीब 40 हजार रुपये कीमत का कॉपर वायर चोरी कर ले गए। घटना के समय चौकीदार के सो जाने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।

रात में चोरी की वारदात

पुलिस के अनुसार, गुलौआ चौक गढ़ा निवासी भूपेंद्र सिंह (50) अस्पताल संचालक हैं। वह धनवंतरि नगर चौक स्थित आरोग्यम अस्पताल के पास न्यू श्री धनवंतरि मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण करा रहे हैं। निर्माणाधीन बिल्डिंग दोनों तरफ से खुली हुई है, इसलिए वहां सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात किया गया था।

भूपेंद्र सिंह के मुताबिक, सुरक्षा की जिम्मेदारी हाईटेक कंपनी के माध्यम से नियुक्त चौकीदार मुन्नालाल झारिया को दी गई थी।

चौकीदार के सोने के दौरान घुसे चोर

बताया गया कि 9 सितंबर की रात करीब 1 बजे से 3 बजे के बीच चौकीदार के सो जाने के दौरान अज्ञात चोर निर्माणाधीन बिल्डिंग में घुस गए। इसके बाद चोर वहां बिजली की फिटिंग के लिए रखा कॉपर वायर निकालकर ले गए।

सुबह जब सामान की जांच की गई तो कॉपर वायर गायब मिला। चोरी गए वायर की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत मिलने के बाद संजीवनी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में चोरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp