akhbaar update

सुबह-सुबह शहर के दौरे पर निकले निगमायुक्त, सफाई व्यवस्था देखी; कर्मठ सफाई कर्मचारी का किया सम्मान



जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रविवार सुबह शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौरीघाट से निरीक्षण की शुरुआत की और छोटी लाइन, तीन पत्ती, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, हनुमानताल, घमापुर, खेरमाई, तुलाराम चौक, करमचंद चौक होते हुए खजांची चौक तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी और संबंधित क्षेत्रों का स्वास्थ्य अमला भी उनके साथ मौजूद रहा।

सफाई व्यवस्था देखकर जताया संतोष

निगमायुक्त ने विभिन्न इलाकों में सड़क, मुख्य मार्ग और सार्वजनिक स्थानों की सफाई व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान व्यवस्था बेहतर मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मैदानी अमले की भूमिका महत्वपूर्ण है और सफाई व्यवस्था में लगातार इसी तरह का सुधार बनाए रखना जरूरी है।

व्यापारियों और नागरिकों से लिया सीधा फीडबैक

दौरे के दौरान निगमायुक्त ने बाजार क्षेत्रों में स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों और सफाई कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने कचरा उठाने की व्यवस्था, सफाई के समय और नगर निगम की अन्य सेवाओं को लेकर लोगों से सीधे फीडबैक लिया।

उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि कचरा सड़क पर न फेंकें और निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करें। निगमायुक्त ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

बेहतर काम करने वाले सफाई कर्मचारी का सम्मान

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कर्तव्य के प्रति समर्पण और बेहतर कार्य करने वाले एक सफाई कर्मचारी को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होती है। मौके पर कर्मचारी का सम्मान कर निगमायुक्त ने पूरे मैदानी अमले का उत्साह बढ़ाया।

दो पालियों में कचरा उठाने के निर्देश

निगमायुक्त ने अधिकारियों को मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों पर नियमित रूप से दो पालियों में कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी नियमित निगरानी करने को कहा। बंद या खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान फुहारा क्षेत्र की बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए पूर्व पार्षद एवं एमआईसी सदस्य मुकेश राठौर ने निगमायुक्त का आत्मीय स्वागत किया।

इस दौरान अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, अर्जुन यादव, धर्मेंद्र राज सहित मुख्य स्वच्छता निरीक्षक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp