जबलपुर। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। डिंडौरी जिले में शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 6 बजे के बीच करीब 6 इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई मूसलधार बारिश से नर्मदा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बजाग, करंजिया और समनापुर क्षेत्र में कई जगह हालात बिगड़ गए हैं।
भारी बारिश के कारण जबलपुर और मंडला से डिंडौरी जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले मार्ग पर जलभराव हो गया है। इससे सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर से बहा
मंडला-डिंडौरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खरमेर नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। पानी का बहाव तेज होने के कारण प्रशासन ने इस मार्ग पर आवागमन को लेकर लोगों को सतर्क किया है। सक्का गांव के पास बड़ी संख्या में वाहन फंस गए, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले रास्तों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें। तेज बहाव वाले पानी को पार करने का प्रयास न करने की भी सलाह दी गई है।
निचले इलाकों में अलर्ट, 7 परिवार सुरक्षित स्थान पर भेजे
लगातार बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। नदी किनारे बसे निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। खतरे की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले सात परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर रैन बसेरा में ठहराया गया है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं।
प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के ऊपर से ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र बनने की स्थिति है। इसके और मजबूत होने की संभावना जताई गई है।
मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। कुछ जिलों में तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
रविवार को जबलपुर, भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं दतिया, रीवा और सीधी में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।