जबलपुर। लोक निर्माण विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के ठिकानों पर गुरुवार सुबह ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने छापा मारा। यह कार्रवाई बालाघाट, छिंदवाड़ा और भोपाल में एक साथ की गई। ईओडब्ल्यू की टीमें सिंगारे की संपत्ति और दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, शुरुआती जांच में बालाघाट स्थित आवास से करीब 2 लाख 50 हजार रुपए नकद, एक नई स्कॉर्पियो गाड़ी और कई खाली लिफाफे मिले हैं। टीम को सिंगारे के पास आय से अधिक संपत्ति होने की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि ठेकेदारों से कमीशन की मांग की जाती थी। एक ठेकेदार के 30 लाख रुपए के काम में 10 लाख रुपए कमीशन लेने का भी आरोप लगाया गया है।
कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू की टीम बालाघाट के बाद छिंदवाड़ा स्थित सिंगारे के घर भी पहुंची और वहां दस्तावेजों की जांच की। भोपाल स्थित ठिकाने पर भी तलाशी जारी है। परिवार के लोगों के मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त किए गए हैं।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों का कहना है कि अभी तीनों जगहों पर जांच जारी है। दस्तावेजों, संपत्ति और बैंक खातों की पूरी जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कितनी संपत्ति मिली है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।