akhbaar update

शहपुरा-भिटौनी टोल पर अस्थायी रूप से बंद होगा टोल संग्रह, मंत्री राकेश सिंह ने दिए निर्देश

 


जबलपुर/भोपाल। शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण भोपाल-जबलपुर मार्ग पर यातायात डायवर्ट किए जाने के बीच शहपुरा (भिटौनी) टोल नाके को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहपुरा (भिटौनी) टोल प्लाजा पर अस्थायी रूप से टोल संग्रह बंद करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को मंत्री राकेश सिंह ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मध्य प्रदेश में किए जा रहे निर्माण कार्यों और भविष्य की बड़ी सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।

शहपुरा रेलवे ब्रिज क्षतिग्रस्त होने से बदली यातायात व्यवस्था

भोपाल-जबलपुर मार्ग पर शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। इसके चलते शहपुरा स्थित टोल नाके पर टोल वसूली को लेकर स्थानीय लोगों में असंतोष की स्थिति बनी हुई थी।

मंत्री राकेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहपुरा (भिटौनी) टोल नाके पर फिलहाल टोल संग्रह अस्थायी रूप से बंद किया जाए।

जबलपुर रिंग रोड के चार पैकेज दिसंबर तक पूरे करने के निर्देश

बैठक में जबलपुर रिंग रोड के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। रिंग रोड का निर्माण कुल पांच पैकेजों में किया जा रहा है। इनमें से चार पैकेजों में काम की प्रगति संतोषजनक बताई गई, जबकि पांचवें पैकेज में काम अपेक्षित गति से नहीं होने पर उसे तेज करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री राकेश सिंह ने चार पैकेजों का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पांचवें पैकेज का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

भोपाल-इंदौर और उज्जैन-झालावाड़ एक्सप्रेसवे की प्रक्रिया तेज होगी

बैठक में भोपाल-इंदौर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और उज्जैन-झालावाड़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने दोनों महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी संबंधित विभागों को तेजी से कार्रवाई करनी होगी।

जबलपुर-दमोह मार्ग की जल्द होगी मरम्मत

मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर-दमोह मार्ग की खराब स्थिति को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने के लिए कहा।

इसके अलावा उज्जैन-गरोठ मार्ग के निर्माण में सामने आई गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की जांच कराने और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव पर रहेगा विशेष ध्यान

एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव और मरम्मत के लिए विभिन्न अनुबंधों के माध्यम से काम कराया जा रहा है। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत भी की जा रही है।

मंत्री राकेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि केवल नई सड़कें बनाना ही पर्याप्त नहीं है। सड़कों की गुणवत्ता, समय पर निर्माण, नियमित रखरखाव और सड़क सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की लगातार निगरानी कर निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp