akhbaar update

मोबाइल अपडेट और फर्जी ऐप के झांसे में आए लोग, जबलपुर में साइबर ठगों ने उड़ाए करीब 1.68 लाख रुपए

 



जबलपुर।  साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। मोबाइल अपडेट और फर्जी ऐप के जरिए ठगों ने तीन लोगों के बैंक खातों से कुल करीब 1 लाख 68 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

गोरखपुर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी सनी ऐडम पेरिका, जो विक्टोरिया अस्पताल में सहायक नेत्र चिकित्सक हैं, ने बताया कि 31 अगस्त को उनका मोबाइल खराब हो गया था। उन्होंने जयंती कॉम्प्लेक्स में मोबाइल सुधरवाया था। शाम करीब 6:53 बजे मोबाइल में अपडेट शुरू हुआ। इसी दौरान उनके बैंक खाते से तीन अलग-अलग लेनदेन के जरिए 98 हजार 888 रुपए निकाल लिए गए।

दूसरे मामले में रामपुर निवासी रवि कुमार यादव के बैंक खाते से 39 हजार रुपए निकाल लिए गए। रवि ने बताया कि वह नर्मदा स्टील दुकान में काम करते हैं। उनके एसबीआई बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर रकम निकाल ली।

वहीं, गढ़ा थाना क्षेत्र के शारदा चौक निवासी सचिन कुमार नामदेव के साथ भी ऑनलाइन ठगी हुई। सचिन जोमैटो में डिलीवरी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि फेसबुक पर एक विज्ञापन में मुफ्त में सभी चैनल देखने का दावा किया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उन्होंने एक ऐप डाउनलोड कर लिया और उसकी सभी अनुमति चालू कर दी।

अगले दिन जब उन्होंने अपने बैंक खाते का बैलेंस देखा तो खाते से 30 हजार रुपए गायब मिले। उन्हें शक है कि फर्जी ऐप के जरिए उनके मोबाइल और बैंक खाते की जानकारी हासिल कर ठगी की गई।

पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायत दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या विज्ञापन पर क्लिक न करें और बिना जांचे किसी ऐप को डाउनलोड कर उसकी अनुमति चालू न करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp