akhbaar update

पनागर में रेल लाइन किनारे मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव, ट्रेन से टकराने की आशंका

 



जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में बलैया तालाब पुलिया के पास शुक्रवार सुबह रेल लाइन किनारे एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

ग्रामीण ने पुलिस को दी सूचना

पुलिस के अनुसार फूटाताल गांव निवासी आकाश बर्मन ने शुक्रवार सुबह बलैया तालाब पुलिया के पास रेलवे लाइन किनारे एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना दी थी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सफेद टी-शर्ट और काली जींस पहने था युवक

मृतक की उम्र और पहचान से जुड़ी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। युवक ने सफेद रंग की टी-शर्ट और काली जींस पहन रखी थी। उसके बाएं हाथ की कोहनी और उंगली पर चोट के निशान मिले हैं। गले में साईं बाबा की लॉकेट भी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

ट्रेन से टकराने की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन से टकराने के कारण होने की आशंका जताई गई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp