जबलपुर। चरगवां और बरगी थाना क्षेत्र में बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। चरगवां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एल्यूमीनियम तार के 23 बंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई इनोवा कार, दो कटर, रस्सी और सीढ़ी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
तीन स्थानों पर हुई थी तार चोरी
चरगवां थाना पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को पनागर निवासी चंदन पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि नयानगर और दपकिया के बीच बिजली लाइन बिछाने का काम किया गया था। 2 और 3 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर करीब 3 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन से तार काटकर ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बरगी थाना क्षेत्र में चनेरी और थाना गांव के बीच भी 22 और 23 अगस्त की रात इसी तरह बिजली के तार चोरी किए गए थे। इसके अलावा चरगवां थाना क्षेत्र के दामन खमरिया में भी 28 अगस्त को तार चोरी की घटना सामने आई थी। तीनों घटनाओं का तरीका एक जैसा होने पर पुलिस ने इसे जोड़कर जांच आगे बढ़ाई।
सीसीटीवी फुटेज से सुराग मिला
पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही पुराने संपत्ति संबंधी अपराधों में पकड़े गए लोगों और जेल से बाहर आए आरोपियों से भी पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पूछताछ में सामने आया गिरोह
16 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भूपेंद्र ठाकुर पिता शेर सिंह ठाकुर, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुदवारी, थाना घंसौर, जिला सिवनी और महफूज मंसूरी पिता शेख मकसूद मंसूरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी स्वामी सीताराम वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, जिला मंडला को हिरासत में लिया।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों पर बिजली के तार चोरी किए थे।
23 बंडल तार और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 और 3 सितंबर की रात चोरी किए गए करीब 14 बंडल एल्यूमीनियम तार, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किए। इसके अलावा 28 अगस्त को चोरी किया गया एक बंडल तार और बरगी क्षेत्र से चोरी किए गए करीब 8 बंडल तार भी जब्त किए गए।
चोरी में इस्तेमाल इनोवा कार क्रमांक एमपी 20 एमएम 5555, दो कटर, रस्सी और सीढ़ी भी पुलिस ने जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।