समझाइश के बाद भी नहीं माना, पुलिस ने हिरासत में लिया
जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 पर यात्रियों से विवाद और अभद्रता कर हंगामा करने वाले युवक के खिलाफ जीआरपी ने कार्रवाई की। युवक यात्रियों से मारपीट करने पर आमादा था, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
यात्रियों से कर रहा था विवाद
गुरुवार को स्टेशन ड्यूटी के दौरान जीआरपी को सूचना मिली कि प्लेटफार्म पर एक युवक आने-जाने वाले यात्रियों से अभद्रता कर रहा है और विवाद करते हुए मारपीट की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
समझाने पर भी नहीं हुआ शांत
पुलिस ने युवक को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा। इसके बाद प्रधान आरक्षक कमल पान सिंह और स्नेह पटेल की टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान खमरिया के अमझरा निवासी 26 वर्षीय रवि गोटिया के रूप में हुई है। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
यात्रियों की सुरक्षा पर पुलिस का जोर
जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों से विवाद या हंगामा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।