akhbaar update

सोशल मीडिया पर हवाई फायर का वीडियो वायरल, पिस्टल देने वाला मामू खान गिरफ्तार

 




वायरल वीडियो से शुरू हुई जांच में सामने आया हथियार का कनेक्शन

जबलपुर। सोशल मीडिया पर हवाई फायर का वीडियो वायरल होने के मामले की जांच में माढ़ोताल पुलिस ने पिस्टल उपलब्ध कराने वाले आरोपी जब्बार उर्फ मामू खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पाटन बाईपास सर्विस रोड के किनारे गिट्टी-पत्थरों के नीचे छिपाकर रखी गई एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया है।



वीडियो में पिस्टल से फायर करता दिखा युवक

माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के अनुसार, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर हवाई फायर का वीडियो सामने आया था। पुलिस ने वीडियो की जांच की तो इसमें मरघटाई के पास टगर माढ़ोताल में सड़क किनारे रितिक जायसवाल निवासी सत्यम होम्स माढ़ोताल और प्रथम सिंह राजपूत निवासी कचनार सिटी दिखाई दिए।

पुलिस के मुताबिक, वीडियो में रितिक जायसवाल पिस्टल से हवाई फायर करता नजर आया। सार्वजनिक स्थान पर फायरिंग किए जाने को लेकर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

रितिक ने बताया जब्बार से ली थी पिस्टल

पूछताछ के दौरान रितिक ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन-चार महीने पहले हनुमानताल निवासी जब्बार से पिस्टल ली थी। उसके अनुसार, घटना से दो दिन पहले उसने यह पिस्टल जब्बार को वापस कर दी थी।

पुलिस ने रितिक के कब्जे से एक आईफोन और यामाहा आरएक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पाटन बाईपास से पिस्टल और कारतूस बरामद

पिस्टल के बारे में जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली। कृषि उपज मंडी के पास दबिश देकर जब्बार उर्फ मामू खान को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वायरल वीडियो में इस्तेमाल पिस्टल को उसने पाटन बाईपास सर्विस रोड के किनारे गिट्टी और पत्थरों के नीचे छिपाकर रखा है।

पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बताए स्थान पर पहुंचकर तलाशी ली। यहां एक पॉलीथीन के अंदर छिपाकर रखी गई पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया।

आरोपी के खिलाफ पहले से 11 मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, जब्बार उर्फ मामू खान के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थानों में उसके खिलाफ कुल 11 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp