akhbaar update

प्रशासन से मदद नहीं मिली तो विस्थापित ग्रामीणों ने खुद शुरू किया 2 किलोमीटर सड़क का निर्माण

 




40 साल से सड़क की समस्या, 100 से अधिक परिवार परेशान

जबलपुर। जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर शहपुरा जनपद के दुर्गानगर में बरगी बांध परियोजना से करीब 40 साल पहले विस्थापित हुए 100 से अधिक परिवार आज भी सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। करीब 1500 की आबादी वाले इस इलाके में पक्की सड़क नहीं होने से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद ही सड़क बनाने का फैसला लिया है।

ग्रामीण अपनी मेहनत और जेब से जुटाई गई राशि से करीब 2 किलोमीटर लंबे रास्ते पर मुरम और पत्थर डालकर उसे चलने लायक बनाने में जुटे हैं। महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और दिव्यांगों समेत बड़ी संख्या में लोग इस काम में हिस्सा ले रहे हैं।

एंबुलेंस नहीं पहुंचती, गर्भवती महिलाओं को गांव छोड़ना पड़ता है

बरसात के दौरान यहां की स्थिति और खराब हो जाती है। रास्ते में कीचड़ और दलदल होने के कारण कई बार 108 एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती। स्वास्थ्य सुविधा के लिए ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

गर्भवती महिलाओं को प्रसव के समय परेशानी से बचने के लिए कई दिन पहले ही दूसरे गांवों में जाकर रुकना पड़ता है। वहीं, रास्ता खराब होने के कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। बारिश के दिनों में बच्चे कई-कई दिन स्कूल नहीं जा पाते।

मजदूरी से पहले सड़क सुधारने में जुट रहे ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार, रोज सुबह मजदूरी पर जाने से पहले वे करीब ढाई से तीन घंटे सड़क सुधारने में लगा रहे हैं। मुरम और गिट्टी डालकर रास्ते को समतल किया जा रहा है, ताकि पैदल चलने और दोपहिया वाहनों की आवाजाही हो सके।

जिला पंचायत सदस्य रामकुमार सैयाम और रामकुमार मेश्राम के मुताबिक, पिछले करीब 10 वर्षों में सड़क निर्माण के लिए कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत और बरगी विधायक नीरज सिंह को 100 से अधिक आवेदन दिए गए। जनसुनवाई में भी समस्या उठाई गई, लेकिन सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका।

प्रस्ताव के बाद भी नहीं बनी सड़क

ग्रामीणों ने बताया कि जिला पंचायत की बैठकों में भी जर्जर रास्ते का मुद्दा कई बार लिखित प्रस्ताव के जरिए उठाया गया। इसके बावजूद मौके पर काम शुरू नहीं हुआ। अधिकारियों की ओर से निरीक्षण और कार्रवाई का भरोसा मिलता रहा।

अब ग्रामीणों के खुद सड़क बनाने की शुरुआत करने के बाद बरगी विधायक नीरज सिंह ने सड़क के लिए बजट उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने भी समस्या का संज्ञान लेकर जल्द निर्माण कराने की बात कही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp