गणेश पंडाल के पीछे चल रहे जुआ फड़ में मची भगदड़
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर में गणेश पंडाल के पीछे चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने देर रात दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई देखकर मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने यहां से छह जुआरियों को पकड़ा और उनके पास से 3,800 रुपये नकद व ताश के पत्ते बरामद किए।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के अनुसार, पुलिस को बड़ा पत्थर स्थित जेपी मेमोरियल स्कूल के पास गणेश पंडाल के पीछे जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई की।
पुलिस ने अमर ठाकुर उर्फ जग्गड़ ठाकुर, सूरज प्रसाद चौधरी, विनय श्रीवास, सुभाष वंशकार उर्फ गोलू वंशकार, प्रभु चक्रवर्ती और प्रमोद गुप्ता उर्फ मुनई को पकड़ा।
बिजली के खंभे के पास भी चल रहा था जुआ
पहले फड़ पर कार्रवाई के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ दूरी पर बिजली के खंभे के पास भी जुआ खेला जा रहा है। टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और पांच युवकों को पकड़ लिया।
इनमें शुभम सेन, शुभम दाहिया, आदित्य बर्मन, योगेश द्विवेदी उर्फ सोनू और अमित कुमार सोनी शामिल हैं। इनके कब्जे से 2,700 रुपये नकद बरामद किए गए।
सभी के खिलाफ जुआ एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने दोनों स्थानों से पकड़े गए सभी 11 लोगों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अंबिका प्रसाद पांडे, योगेंद्र सिंह, आरक्षक रवि पंचेश्वर, सत्येंद्र, दिनेश भावरे, लखन चौधरी, आलोक और चेतेंद्र की भूमिका रही।