akhbaar update

शराब दुकानों से कथित वसूली का मामला, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पर आरोप; एफआईआर दर्ज

 


जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के धनवंतरी नगर में शराब दुकानों के संचालन को लेकर कथित वसूली का मामला सामने आया है। शराब दुकान संचालक निखिल सोनी ने पुलिस में शिकायत देकर शास्त्री नगर निवासी अभिषेक पाठक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 22 सितंबर को एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तीन दुकानों से 60 हजार रुपए की मांग का आरोप

शराब दुकान संचालक का आरोप है कि पहले तीन दुकानों के लिए कुल 20 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाते थे। अब प्रत्येक दुकान से 20 हजार रुपए के हिसाब से कुल 60 हजार रुपए प्रतिमाह की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक रकम देने से इनकार करने के बाद विवाद बढ़ गया।

निखिल सोनी ने पुलिस को बताया कि अभिषेक पाठक खुद को कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष बताते हैं। आरोप है कि करीब तीन साल से अलग-अलग मौकों पर उन्हें प्रतिमाह 20 हजार रुपए दिए जा रहे थे। इस महीने से तीनों दुकानों के लिए अलग-अलग 20 हजार रुपए की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है।

रकम नहीं देने पर धरना देने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि पैसे देने से मना करने के बाद अभिषेक पाठक अपने साथियों के साथ शराब दुकान के सामने धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान दुकानों से अवैध और नकली शराब बेचे जाने के आरोप भी लगाए गए।

शराब दुकान संचालक का आरोप है कि रकम नहीं देने पर दुकान बंद कराने और लाखों रुपए का नुकसान होने की धमकी दी गई। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया वीडियो की भी जांच

शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि कथित तौर पर रकम की मांग पूरी नहीं करने पर दुकान से अवैध तरीके से शराब बेचने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया गया। संचालक ने इसे गलत तरीके से बदनाम करने की कोशिश बताया है।

अब पुलिस वीडियो के स्रोत, उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और उसमें लगाए गए आरोपों की वास्तविकता की भी जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp