जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में एमपी स्टूडेंट यूनियन से जुड़े छात्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र नेता एकत्र हुए और छात्र संघ चुनाव, परीक्षाओं में देरी, आउट ऑफ सिलेबस सवाल और परीक्षा परिणाम समय पर जारी नहीं होने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कुलसचिव को ज्ञापन देने पहुंचे छात्र
प्रदर्शन कर रहे छात्र नेता अपनी मांगों का ज्ञापन सीधे कुलपति को देना चाहते थे। इसी दौरान कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल छात्रों से चर्चा करने और उनका ज्ञापन लेने पहुंचे। छात्रों ने उनके सामने विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याएं रखीं और प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
छात्र नेताओं ने छात्र संघ चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप था कि शासन और प्रशासन की ओर से चुनाव कराने में लगातार देरी की जा रही है। बातचीत के दौरान छात्रों ने विरोध जताते हुए कुलसचिव के सामने ही अपना ज्ञापन फाड़ दिया।
संबल योजना और परीक्षा फॉर्म की समस्या उठाई
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने संबल योजना और परीक्षा फॉर्म से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। छात्र नेता नमन शर्मा ने बताया कि संबल योजना के तहत प्रवेश लेने वाले कुछ विद्यार्थियों को दूसरे वर्ष में योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों पर दो साल की फीस एक साथ जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
कोर्ट के आदेश के बावजूद परेशानी का आरोप
नमन शर्मा के मुताबिक इस मामले को लेकर विद्यार्थियों ने न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया था। छात्रों का कहना है कि कोर्ट ने संबल कार्ड वाले विद्यार्थियों को परेशान नहीं करने और उन्हें परीक्षा में शामिल होने देने के निर्देश दिए थे।
छात्र नेताओं का आरोप है कि इसके बावजूद केवल उन्हीं विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने दिया गया, जिन्होंने न्यायालय में मामला दायर किया था। बाकी विद्यार्थियों को अब भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।