जबलपुर। कोतवाली पुलिस ने महेश भवन तलैया के पास कथित रूप से किसी वारदात की फिराक में खड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो कारतूस जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि काली शर्ट और काली जींस पहने एक युवक महेश भवन तलैया के पास देशी कट्टा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान चेरीताल नई पुलिस चौकी के सामने निवासी 27 वर्षीय सागर उर्फ श्रेयांश यादव के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी कट्टा मिला, जबकि पेंट की जेब से दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने कट्टा और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने देशी कट्टा और कारतूस कहां से और किसके माध्यम से प्राप्त किए थे।