akhbaar update

500 रुपये नहीं दिए तो आइसक्रीम फैक्ट्री संचालक पर चाकू से हमला, शराब के लिए पैसे मांगने पर दो जगह मारपीट

 


जबलपुर। शहर में शराब और खर्चे के लिए पैसे मांगने को लेकर दो अलग-अलग स्थानों पर मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। प्रेमसागर में आइसक्रीम फैक्ट्री संचालक पर उसके पिता के सामने चाकू से हमला किया गया, वहीं रांझी क्षेत्र में शराब पीने के लिए एक हजार रुपये नहीं देने पर दो भाइयों ने युवक और उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर दी।

प्रेमसागर निवासी संजीव केशरवानी ने हनुमानताल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संजीव प्रेमसागर में आइसक्रीम फैक्ट्री चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार शाम करीब 7:15 बजे वह अपने पिता लखनलाल की रिक्शा दुकान के पास खड़े थे।

इसी दौरान मोहल्ले का समीर वंशकार वहां पहुंचा और खर्चे के लिए उनसे 500 रुपये मांगने लगा। संजीव ने पैसे देने से मना कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर संजीव की पीठ में चोट पहुंचा दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं दूसरी घटना रांझी थाना क्षेत्र की है। मानेगांव निवासी रवि नाहर ने पुलिस को बताया कि वह कैलाशधाम के पास स्थित लक्ष्मी रिसोर्ट में साफ-सफाई का काम करता है। बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपने साथी रोहित रैकवार और अभिषेक स्वामी के साथ मानेगांव तालाब के पास खड़ा था।

तभी मोहल्ले के शनि राने और उसके भाई पवन राने वहां पहुंचे। दोनों ने शराब पीने के लिए रवि से एक हजार रुपये मांगे। रवि ने पैसे देने से मना किया तो दोनों भाई गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने रवि के साथ मारपीट शुरू कर दी।

रवि के साथी रोहित और अभिषेक बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि शनि ने चाकू से हमला कर रवि के दाहिने हाथ की अंगुली में चोट पहुंचा दी। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।

पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp