नवजात के टिकट का शुल्क 2 हजार से बढ़कर 3 हजार रुपये
नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस ने घरेलू उड़ानों में कई अतिरिक्त सेवाओं के शुल्क बढ़ा दिए हैं। नए नियमों के बाद नवजात बच्चों के साथ यात्रा, अतिरिक्त सामान, अकेले सफर करने वाले बच्चों और प्राथमिकता वाली सेवाओं के लिए यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा।
नवजात के लिए अब 3 हजार रुपये शुल्क
3 दिन से 2 साल तक की उम्र वाले बच्चों के लिए घरेलू उड़ानों में अब 3 हजार रुपये शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 2 हजार रुपये था। ऐसे बच्चों को विमान में अलग सीट नहीं दी जाती और वे वयस्क यात्री की गोद में यात्रा करते हैं।
नियम के अनुसार, एक वयस्क अपने साथ केवल एक नवजात बच्चे को ले जा सकता है। बच्चे का शुल्क टिकट बुक करते समय ही देना होगा। यात्रा के दौरान बच्चे की उम्र का वैध प्रमाण भी साथ रखना जरूरी होगा।
अतिरिक्त सामान पर 800 रुपये प्रति किलो
तय सीमा से ज्यादा सामान ले जाने पर भी अब यात्रियों को अधिक भुगतान करना होगा। घरेलू उड़ानों में अतिरिक्त सामान का शुल्क 700 रुपये प्रति किलो से बढ़ाकर 800 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है।
यानी 15 किलो की निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर हर अतिरिक्त किलो के लिए 800 रुपये शुल्क देना होगा।
अकेले यात्रा करने वाले बच्चों की सेवा भी महंगी
बिना किसी वयस्क के अकेले यात्रा करने वाले बच्चों के लिए मिलने वाली सेवा का शुल्क भी बढ़ाया गया है। पहले इसके लिए 5 हजार रुपये देने होते थे, जो अब बढ़कर 5,999 रुपये हो गया है।
प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग का शुल्क बढ़ा
एयरपोर्ट पर लंबी कतार से बचने के लिए प्रायोरिटी चेक-इन और प्रायोरिटी बोर्डिंग लेने वाले यात्रियों को अब 650 रुपये देने होंगे। पहले यह शुल्क 450 रुपये था।
इसके अलावा एयरलाइंस से ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी कराने का शुल्क भी 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है।