akhbaar update

वैन में रखे सिगरेट के कार्टून चोरी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

 


बेलबाग थाना क्षेत्र में वारदात, करीब 60 हजार रुपये की सिगरेट ले गए चोर

जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में वैन का लॉक खोलकर उसमें रखे सिगरेट के दो कार्टून चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरों ने आईटीसी और जीपीआई ब्रांड की करीब 60 हजार रुपये कीमत की सिगरेट पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

व्यापारी की वैन से गायब हुए कार्टून

न्यू कंचनपुर निवासी बद्री प्रसाद पांडे, उम्र 51 वर्ष, पान मसाला और सिगरेट की फेरी का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर को बाजार से लौटने के बाद उन्होंने अपनी वैन क्रमांक एमपी 20 बीए 6487 को बेलबाग थाने के पास राजन ट्रेडर्स के सामने खड़ा किया था।

इसके बाद वे अपने एक व्यापारी मित्र की दोपहिया गाड़ी लेकर मुकादमगंज में एक व्यापारी की दुकान पर चले गए। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उन्हें वैन की आगे वाली सीट में रखे सिगरेट के दो छोटे कार्टून गायब मिले।

सीसीटीवी में चोरी करते दिखे युवक

व्यापारी ने आसपास लगे कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें दो युवक वैन के पास दिखाई दिए। फुटेज में एक युवक किसी वस्तु की मदद से वैन का लॉक खोलता नजर आया। इसके बाद दोनों युवकों ने वैन के अंदर रखे सिगरेट के कार्टून निकाले और दोपहिया वाहन पर रखकर वहां से भाग गए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिकायत के आधार पर बेलबाग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp