akhbaar update

हनुमानताल में वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार

 



जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी की लगातार सामने आ रही घटनाओं की जांच करते हुए दो अलग-अलग गिरोहों का पता लगाया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग समेत सात आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 13 दोपहिया वाहन, पांच मोबाइल फोन, चाकू सहित करीब 15 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

चोरी की बाइक से करते थे वारदात

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले बाइक और स्कूटर चोरी करते थे। इसके बाद इन्हीं वाहनों पर सवार होकर लोगों के मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों को आरोपी निशाना बनाते थे।

मंडी मदार टेकरी में चार आरोपी पकड़े

गुरुवार रात पुलिस टीम ने मंडी मदार टेकरी स्थित कब्रिस्तान के पास कार्रवाई की। यहां चार युवक चोरी की चार बाइक के साथ मिले। तलाशी लेने पर उनके पास पांच मोबाइल फोन और चाकू सहित अन्य सामान मिला।

पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी और मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर चार और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

भानतलैया से भी तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की दूसरी टीम ने भानतलैया स्थित बकरा मार्केट के पास तीन युवकों को चोरी की मोपेड के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चार अन्य चोरी के वाहन घर के आसपास छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने बताए गए स्थानों से सभी वाहन बरामद कर लिए।

जांच में बरामद वाहनों के ग्वारीघाट, कैंट, लार्डगंज, कोतवाली, विजय नगर, गोरखपुर और मदनमहल थाना क्षेत्रों से चोरी होने की जानकारी सामने आई है।

लॉक नहीं खुलता तो तोड़ देते थे हैंडल

पुलिस के मुताबिक आरोपी दोपहिया वाहनों के लॉक खोलने के लिए मास्टर चाबी का इस्तेमाल करते थे। चाबी से लॉक नहीं खुलने पर हैंडल तोड़कर वायर काट देते और वाहन को सीधे चालू कर लेते थे। इसके बाद चोरी की बाइक से मोबाइल झपटमारी की जाती थी।

सात आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

पुलिस के अनुसार एक गिरोह में नाबालिग के अलावा अयान उर्फ अल्लू खान (18), सोहेल उर्फ गुलाम गौस (20), मुजम्मिल कुरैशी (19) और मुदस्सिर कुरैशी (18) शामिल हैं।

दूसरे गिरोह से फैजान उर्फ फिज्जू खान और मोईन उर्फ सुरमेश अंसारी को पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए कई आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, वसूली और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल सहित हनुमानताल पुलिस टीम की भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp