जबलपुर। ग्वारीघाट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजे के साथ पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से 284 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 14 हजार 200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को देखकर संदिग्ध तरीके से घूम रहा था युवक
थाना प्रभारी ग्वारीघाट कन्हैया बघेल के अनुसार 18 सितंबर की रात पुलिस टीम इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान बादशाह हलवाई मंदिर और चंडी माता मंदिर के पास एक युवक कपड़े का थैला लेकर घूमता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह इधर-उधर जाने लगा, जिससे उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन अहिरवार, पिता स्वर्गीय गरीबदास अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, निवासी चंडी माई मंदिर के पास, बादशाह हलवाई मंदिर, ग्वारीघाट बताया।
थैले में मिला गांजा
पुलिस ने युवक के पास मौजूद कपड़े के थैले की तलाशी ली। थैले के अंदर गांजा रखा मिला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गांजे को जब्त कर उसका वजन कराया, जो 284 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार 200 रुपये बताई गई है।
सप्लायर की तलाश में पूछताछ
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।