जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में पिसनहारी मढ़िया के पास महिला को चाकू दिखाकर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया सोना, वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मां के साथ स्कूटी से लौट रही थी महिला
पुलिस के अनुसार न्यू शास्त्रीनगर तिलवारा निवासी आरती ठाकुर (37) ने 11 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने मायके आई हुई थीं। रात करीब 9:30 बजे वह अपनी मां के साथ स्कूटी से गढ़ा सामुदायिक भवन में जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रही थीं। उनके पिता भी कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल से चल रहे थे।
करीब 9:45 बजे पिसनहारी मढ़िया से पहले दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और उनकी स्कूटी के सामने अपनी बाइक लगा दी। पीछे बैठे युवक ने चाकू निकालकर सोने की चेन और मंगलसूत्र देने के लिए धमकाया।
चाकू दिखाकर छीनी चेन और मंगलसूत्र
महिला और उनकी मां डर गईं। इसी दौरान आरोपी ने महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र खींच लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मेडिकल की ओर तेजी से फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। फुटेज और मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आजाद नगर सूपाताल निवासी राकेश झारिया (26) और सलमान शाह (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया।
33.27 ग्राम सोना और चाकू बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने महिला से छीनी गई सोने की चेन, मंगलसूत्र का पेंडल और मंगलसूत्र की चेन के टूटे हुए दो टुकड़े बरामद किए। बरामद सोने का कुल वजन करीब 33.27 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।