जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में कक्षा आठवीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कोचिंग जा रही छात्रा को बीच रास्ते में एक युवक ने रोककर उसके साथ मारपीट की और उसकी सहेलियों को धमकाकर वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपी छात्रा को जबरन एक खंडहर में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
सहेलियों को धमकाकर भगाया
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार की है। छात्रा अपनी दो सहेलियों के साथ कोचिंग जा रही थी। इसी दौरान परसराम मसराम उर्फ लालू ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि उसने छात्रा के साथ अभद्रता और मारपीट की। सहेलियों ने उसे बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया, जिसके बाद दोनों वहां से चली गईं।
इसके बाद आरोपी छात्रा को बाल पकड़कर घसीटते हुए एक खंडहर में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी ने छात्रा और उसकी सहेलियों को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
तीन महीने पहले जबरन लिया था मोबाइल नंबर
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने करीब तीन महीने पहले जबरन उसका मोबाइल नंबर लिया था। इसके बाद वह फोन और सोशल मीडिया के जरिए उससे बातचीत करने लगा था।
पहले भी मिलने बुलाकर दुष्कर्म का आरोप
छात्रा के मुताबिक, 7 जुलाई को भी आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। इसके बाद छात्रा ने आरोपी के फोन उठाना बंद कर दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद वह लगातार उसे परेशान कर रहा था।
घटना की जानकारी घर पहुंचकर छात्रा ने अपने स्वजन को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर बरगी थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।