जबलपुर। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण बारिश बढ़ी है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को भी कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। करीब 30 जिलों में 2 से 2.5 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, नरसिंहपुर, दमोह, बैतूल और राजगढ़ में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
इसके अलावा जबलपुर, कटनी, शहडोल, गुना, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट और मंडला में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
10 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश के करीब 10 जिलों में अचानक बाढ़ और तेज सतही बहाव की आशंका जताई है। इनमें बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, अनूपपुर, कटनी, शहडोल, रीवा, सीधी, उमरिया और सतना शामिल हैं।
प्रशासन ने भारी बारिश के दौरान लोगों से नदी, नाले और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है। लगातार बारिश होने पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।