akhbaar update

कलेक्टर से मिलने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा ट्रक ड्राइवर, नीचे उतरने से किया इनकार

 



दमोह।  नरसिंहगढ़ में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे एक ट्रक ड्राइवर अपनी मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने मांग की कि कलेक्टर मौके पर आकर उससे मुलाकात करें, तभी वह नीचे उतरेगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ।

युवक की पहचान बाजार मोहल्ला निवासी हेमंत प्रजापति (40) के रूप में हुई है। टावर पर चढ़ने के बाद हेमंत ने अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो सामने आने के बाद परिवार और पुलिस को घटना की जानकारी मिली।

वीडियो में हेमंत ने पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि कुछ ट्रांसपोर्टर उसे जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं, जबकि उसने कोई अपराध नहीं किया है। उसने यह भी बताया कि उसका ब्रेन का ऑपरेशन हो चुका है और कंपनी की वजह से उसके सामने यह परेशानी खड़ी हुई है।

पांच साल से आर्थिक परेशानी में परिवार

नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी ने हेमंत की पत्नी से बात की। पत्नी ने बताया कि परिवार पिछले करीब पांच साल से आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है।

हेमंत पहले ट्रक चलाता था। करीब पांच साल पहले एक सड़क हादसे में घायल होने के बाद उसकी नौकरी चली गई। इसके बाद उसे दोबारा काम नहीं मिला और मुआवजा भी नहीं मिल सका। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती गई।

पुलिस ने लिखित शिकायत देने को कहा

चौकी प्रभारी ने हेमंत की पत्नी से कहा कि यदि परिवार को किसी तरह की समस्या है तो उसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी जाए, ताकि मामले को अधिकारियों तक पहुंचाया जा सके।

पुलिस के अनुसार, पन्ना जिले के सिमरिया थाने में सड़क हादसे से जुड़ा एक मामला दर्ज है, जो फिलहाल न्यायालय में चल रहा है। पुलिस ने हेमंत को समझाया कि टावर पर चढ़ने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

कुछ देर बाद हेमंत ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया, जिससे उससे फोन पर संपर्क भी नहीं हो पा रहा है। पुलिस और परिजन लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाइश दे रहे हैं। प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और युवक को सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास किया जा रहा है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp