जबलपुर। जानकीनगर में एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी के सूने घर में चोरों ने धावा बोल दिया। चोर घर से 5 लाख रुपए नकद, चांदी के 18 सिक्के, पायल, बिछिया, बालियां और घड़ी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, जानकीनगर निवासी वीरेश कुमार जैन राज्य सहकारी बैंक से रिटायर हुए हैं। उनका बेटा, बहू और बेटी बाहर नौकरी करते हैं। बेटी की शादी के सिलसिले में वीरेश कुमार अपनी पत्नी के साथ करीब तीन महीने से घर से बाहर थे।
23 अगस्त की सुबह जब वे वापस घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गए। घर के कमरों के ताले टूटे हुए थे। दूसरी मंजिल के कमरों और अलमारियों के ताले भी टूटे मिले। सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर पता चला कि ऊपर रखी अलमारी से 18 चांदी के सिक्के, पायल, बिछिया, बालियां, हाथ घड़ी और 5 लाख रुपए नकद गायब थे। नीचे के कमरे में उनके बेटे-बहू का सामान रखा था। वहां भी अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा हुआ था। बेटे-बहू के वापस आने के बाद ही उनके चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी मिल सकेगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी चोरी होने के कारण अन्य माध्यमों से चोरों का पता लगाने में जुटी है।