जबलपुर। चेरीताल क्षेत्र में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर से एक एक्टिवा सवार युवक नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मदन महल निवासी प्रमोद दास के रूप में हुई है। वह करौंदा नाला बायपास स्थित शराब दुकान में काम करता था।
जानकारी के अनुसार प्रमोद एक्टिवा से फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसकी एक्टिवा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू की
प्रमोद के देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों को चिंता हुई। रात करीब एक बजे तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। इस दौरान किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाकर प्रमोद के हादसे का जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां प्रमोद की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। अब पुलिस हादसे की वजह पता करने में जुटी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रमोद की एक्टिवा को वास्तव में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी या किसी अन्य वजह से वह फ्लाईओवर से नीचे गिरा। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा सकती है।