akhbaar update

कुलसचिव ने मांगा तबादला, बोले- शिकायतों के कारण काम करना मुश्किल

 



जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने अपने खिलाफ लगातार हो रही शिकायतों और कथित षड्यंत्रों का हवाला देते हुए किसी दूसरे विश्वविद्यालय में तबादला करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।

कुलसचिव ने पत्र में कहा है कि विश्वविद्यालय में मौजूदा परिस्थितियों के कारण उन्हें लगातार मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि काम करने के लिए माहौल अनुकूल नहीं रह गया है।

शिकायतों के जवाब में निकल रहा आधा समय

डॉ. सोनवाल ने 16 अगस्त को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा को भी पत्र भेजकर अपनी परेशानी बताई थी। कुलगुरु ने यह पत्र उच्च शिक्षा मंत्री को भेज दिया है।

कुलसचिव का आरोप है कि उनके खिलाफ लगातार अलग-अलग शिकायतें की जा रही हैं। इन शिकायतों के जवाब तैयार करने में उनका काफी समय चला जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में उनका करीब आधा समय शिकायतों का जवाब देने में ही निकल रहा है। इसका असर छात्रों से जुड़े काम और विश्वविद्यालय के दूसरे महत्वपूर्ण कार्यों पर पड़ रहा है।

विश्वविद्यालय के माहौल से परेशान होने का दावा

कुलसचिव ने विश्वविद्यालय की मौजूदा स्थिति को जटिल बताते हुए कहा है कि यहां की परिस्थितियों का पूरा विवरण सामने रखा जाए तो उस पर एक किताब लिखी जा सकती है। उन्होंने पत्र में लगातार तनाव में रहने की बात भी कही है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बेटे का दाखिला भी रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में कराया था, लेकिन विश्वविद्यालय के मौजूदा माहौल को देखते हुए बेटे को वापस उज्जैन भेज दिया।

कुलसचिव ने उच्च शिक्षा मंत्री से जल्द से जल्द किसी अन्य विश्वविद्यालय में स्थानांतरण करने का अनुरोध किया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp