जबलपुर। शहर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी की गुणवत्ता को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विजयनगर स्थित पॉपुलर फ्रेश मोमोज एन मोर से एक छात्रा ने पनीर मोमोज ऑनलाइन मंगाए थे। डिलीवरी मिलने के बाद जब छात्रा ने पैकेट खोला तो उसमें मोमोज के साथ कीड़े दिखाई दिए। कुछ कीड़े जिंदा थे, जबकि कुछ मर चुके थे।
छात्रा के मुताबिक वह गर्ल्स हॉस्टल में रहती है। उसने ऑनलाइन पनीर मोमोज का ऑर्डर किया था। पैकेट मिलने के बाद जब उसने कमरे में जाकर उसे खोला तो मोमोज में कीड़े चिपके हुए दिखाई दिए। कुछ कीड़े मोमोज पर ही रेंग रहे थे। यह देखकर छात्रा हैरान रह गई।
शिकायत के बाद वापस लेने को कहा
मामला सामने आने के बाद छात्रा ने तत्काल संबंधित दुकान में शिकायत की। छात्रा के अनुसार शिकायत के बाद उसे डिलीवरी वापस करने के लिए कहा गया। छात्रा ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई।
उसका कहना है कि बारिश के मौसम में खाद्य सामग्री की साफ-सफाई और सुरक्षित तरीके से रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
खाद्य विभाग से कार्रवाई की उम्मीद
मामले को लेकर खाद्य विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच कराई जा सकती है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।