जबलपुर। बिलहरी बाजार में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो सांड बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए। दोनों सांड काफी देर तक एक-दूसरे से लड़ते रहे। उन्हें लड़ता देख बाजार में मौजूद दुकानदार और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
त्योहार के चलते बिलहरी बाजार में सड़क किनारे राखी की दुकानें लगी हुई हैं और दिनभर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। इसी दौरान अचानक दो सांड सड़क पर आ गए और आपस में लड़ने लगे। सांडों की लड़ाई देखकर लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग खुद को बचाने के लिए दुकानों के अंदर चले गए।
कुछ देर थमा यातायात
सांडों के बीच सड़क पर लड़ने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी रुक गया। लोग सड़क खाली होने का इंतजार करते रहे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई राहगीर गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा लंबे समय से परेशानी बना हुआ है। बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में इनके कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से आवारा मवेशियों को हटाने और बाजार क्षेत्र में व्यवस्था सुधारने की मांग की है।