जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र में निवेश के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की रकम लेने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ‘लॉन्ग एशिया’ नाम की निवेश योजना में 40 हजार रुपये लगाने पर हर महीने 10 प्रतिशत ब्याज और मूल रकम वापस करने का भरोसा दिया गया था। भुगतान बंद होने के बाद 50 से अधिक लोग शिकायत लेकर मदनमहल थाने पहुंचे।
दो महीने तक मिला ब्याज, फिर भुगतान बंद
शिकायतकर्ता विजय मिश्रा के अनुसार करीब आठ महीने पहले शाही नाका निवासी गुरमीत ने उन्हें इस योजना के बारे में बताया था। इसके बाद कई लोगों ने 40-40 हजार रुपये की आईडी बनाकर रकम लगाई। शुरुआत के दो महीने तक ब्याज मिलने से लोगों का भरोसा बढ़ गया और उन्होंने और पैसे भी निवेश कर दिए।
विजय मिश्रा का कहना है कि उन्होंने करीब 1 लाख 84 हजार रुपये जमा किए हैं। लेकिन पिछले आठ महीने से उन्हें न तो ब्याज मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई।
चेन सिस्टम से लोगों को जोड़ने का आरोप
पीड़ितों के साथ थाने पहुंचे अधिवक्ता आशीष सिंह ने आरोप लगाया कि लोगों को चेन सिस्टम के माध्यम से योजना से जोड़ा गया। इस तरीके से बड़ी संख्या में लोगों से नकद रकम जमा कराई गई।
पीड़ितों का दावा है कि इस योजना में सैकड़ों लोग जुड़े हो सकते हैं और जमा की गई कुल रकम करोड़ों रुपये तक पहुंचने की आशंका है।
मोबाइल एप में दिखाई जाती थी रकम
शिकायतकर्ताओं के अनुसार निवेश के लिए एक मोबाइल एप का इस्तेमाल किया जाता था। एप में जमा रकम को डॉलर में बदलकर बढ़ता हुआ दिखाया जाता था। शुरुआत में भुगतान मिलने के कारण लोगों का विश्वास बढ़ता गया और नए लोग भी योजना से जुड़ते रहे।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत की थी। अब मदनमहल थाना पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मदनमहल थाने के उप निरीक्षक के अनुसार गुरमीत के खिलाफ शिकायत मिली है। शुरुआती जानकारी में शेयर कारोबार के नाम पर करोड़ों रुपये निवेश करवाने की बात सामने आई है। रकम वापस नहीं करने के आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।