जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के नयागांव स्थित पुराने स्काडा नियंत्रण केंद्र परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाले सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान कर उनका उत्साह बढ़ाया।
कंपनी के मुख्यालय के साथ प्रदेशभर में स्थित 417 अति उच्च वोल्टेज उपकेंद्रों और सभी ट्रांसमिशन लाइन रखरखाव कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया।
समारोह में कंपनी के विभागाध्यक्ष, तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने पूरे उत्साह और सम्मान के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कंपनी के प्रशासनिक भवनों और विद्युत ग्रिड परिसरों को तिरंगे रंग की रोशनी से सजाया गया। रोशनी से सजे परिसरों में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदेश की बिजली पारेषण व्यवस्था को मजबूत और भरोसेमंद बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मिठाई बांटकर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।