akhbaar update

एनएच-52 पर डंपर में घुसी तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत



राजगढ़। ब्यावरा फोरलेन एनएच-52 पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सारंगपुर के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार में सवार दो बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

बताया गया कि परिवार राजस्थान के धौलपुर से उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए जा रहा था। कार में चालक सहित परिवार के छह सदस्य सवार थे। सारंगपुर के पास कार हादसे का शिकार हो गई।

मां, बेटे और बहू की मौत

हादसे में 65 वर्षीय सोमा, 42 वर्षीय अंकुर और 40 वर्षीय अर्चना की मौत हो गई। वहीं 22 वर्षीय निहाल और कार चालक अब्दुल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

अंकुर और अर्चना के दो बेटे 14 वर्षीय अंश और 10 वर्षीय तेजस भी कार में मौजूद थे। दोनों बच्चे हादसे में सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

ओवरटेक करते समय हादसे की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक एनएच-52 पर ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े खराब डंपर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp