जबलपुर। मंडला और डिंडोरी के ऊपरी इलाकों में हुई तेज बारिश का असर अब जबलपुर में दिखाई देने लगा है। भारी बारिश के कारण नर्मदा और हिरण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बरगी बांध के 13 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नर्मदा के घाटों पर पानी तेजी से बढ़ गया है।
बरगी बांध से करीब 3300 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी बढ़ने के कारण ग्वारीघाट, तिलवारा घाट, भेड़ाघाट और धुआंधार में जलस्तर काफी ऊपर पहुंच गया है। ग्वारीघाट के निचले इलाकों में पानी दुकानों तक पहुंचने लगा है। प्रशासन ने लोगों को नदी और घाटों से दूर रहने की सलाह दी है।
हिरण नदी में भी बढ़ा जलस्तर
कटंगी क्षेत्र में हिरण नदी का पानी बढ़ने से गनयारी और हिनोता के छोटे पुल डूब गए हैं। इन पुलों पर करीब 5 से 8 फीट पानी बह रहा है। इसके चलते इंद्राना और मझौली के बीच सीधा सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
पुलों पर पानी का तेज बहाव होने के कारण प्रशासन ने रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी है। लोगों से पानी के बीच से वाहन नहीं निकालने की अपील की गई है।
घाटों पर होमगार्ड और नाव तैनात
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्वारीघाट और भेड़ाघाट में नाव और होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ की टीम को भी आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है।
प्रशासन लगातार नदी के किनारे बसे इलाकों पर नजर रख रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे नर्मदा के बढ़े हुए पानी और तेज बहाव के पास न जाएं।