akhbaar update

कटनी सीएसपी कार्यालय सील, पांच पुलिसकर्मी ड्यूटी से हटाए गए

 



जबलपुर। कटनी में जमीन के विवादित सौदे और पुलिस अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार को कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय को सील कर दिया गया।

कार्यालय को सील करने का उद्देश्य मामले से जुड़े दस्तावेज, फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखना बताया जा रहा है। जांच टीम आगे कार्यालय खोलकर जरूरी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच कर सकती है।

सीएसपी जबलपुर आईजी कार्यालय अटैच

जबलपुर संभाग के आईजी प्रमोद वर्मा ने सीएसपी नेहा पच्चीसिया को फिलहाल जबलपुर आईजी कार्यालय से अटैच कर दिया है। वहीं, एएसपी जबलपुर अनु बेनीवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर पांच पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।

इनमें रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह, स्लीमनाबाद थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक सौरभ सोनी, सीएसपी का चालक, गनर और रीडर शामिल हैं।

जमीन सौदे को लेकर दर्ज हुआ मामला

मामला कन्हवारा में हुई हत्या की जांच के दौरान सामने आए जमीन के सौदे से जुड़ा है। आरोप है कि हत्या के आरोपी के पिता से जमीन के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित अन्य लोगों के खिलाफ कुठला थाने में मामला दर्ज किया गया है।

जांच में जमीन की वास्तविक कीमत और रजिस्ट्री में दर्ज राशि के बीच अंतर सामने आने की बात कही गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस विभाग के अधिकारी दस्तावेजों सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp