akhbaar update

जबलपुर की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने माउंट एल्ब्रुस फतह कर फहराया तिरंगा

 



जबलपुर। मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर कार्यरत वर्षा पटेल ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्षा ने 21 अगस्त 2026 को 18,510 फीट यानी 5,642 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट एल्ब्रुस की चोटी पर पहुंचकर भारत का तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का झंडा फहराया।

वर्षा पटेल जबलपुर में पदस्थ हैं। उन्हें बचपन से ही खेल और पर्वतारोहण में रुचि रही है। वह राष्ट्रीय स्तर की बेसबॉल खिलाड़ी भी रह चुकी हैं और कई पदक जीत चुकी हैं।



पहले ऑस्ट्रेलिया की चोटी पर फहराया था तिरंगा

वर्षा पटेल ने वर्ष 2024 में ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजियास्को पर भी तिरंगा फहराया था। ऐसा करने वाली वह मध्य प्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं। अब उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर भी तिरंगा फहराकर एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है।

खराब मौसम के बीच हासिल की सफलता

माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी। इस दौरान तेज हवाओं, कड़ाके की ठंड और खराब मौसम के कारण पर्वतारोहियों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ा। मौसम अनुकूल होने के बाद 20 और 21 अगस्त को शिखर अभियान शुरू किया गया।

कड़ी चुनौतियों का सामना करते हुए वर्षा पटेल 21 अगस्त की सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर माउंट एल्ब्रुस की चोटी पर पहुंचीं। वहां उन्होंने गर्व के साथ भारत का तिरंगा और मध्य प्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।

सातों महाद्वीपों की चोटियां फतह करने का लक्ष्य

वर्षा पटेल का लक्ष्य दुनिया के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करना है। माउंट एल्ब्रुस के बाद अब उनका अगला लक्ष्य अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर पहुंचना है।

वर्षा का कहना है कि पर्वतारोहण उनके लिए सिर्फ एक साहसिक गतिविधि नहीं है, बल्कि दुनिया की ऊंची चोटियों पर भारत का तिरंगा फहराने का संकल्प है।

यह पर्वतारोहण अभियान एनएसवाई आउटडोर्स के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। अभियान का नेतृत्व पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव ने किया।

वर्षा पटेल की यह उपलब्धि साहस, मेहनत और अनुशासन का उदाहरण है। पुलिस की नौकरी के साथ पर्वतारोहण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़कर उन्होंने जबलपुर और मध्य प्रदेश पुलिस का नाम गौरवान्वित किया है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp