akhbaar update

गलगला चौक पर ई-रिक्शा की मनमानी से लगा भीषण जाम, घंटों परेशान रहे लोग

 



जबलपुर। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र गलगला चौक पर रविवार को ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और बेतरतीब पार्किंग के कारण लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को निकलने तक की जगह नहीं मिली। कई लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे।

संकरी सड़क पर ई-रिक्शा और अन्य वाहन आड़े-तिरछे खड़े होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। सवारी बैठाने के लिए ई-रिक्शा चालक बीच सड़क पर ही वाहन रोकते रहे, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस दौरान ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।



सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से परेशानी

गलगला चौक और आसपास के बाजार में आने वाले लोग सड़क किनारे ही अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इसके अलावा लोडिंग वाहनों की आवाजाही और ई-रिक्शा चालकों द्वारा जगह-जगह सवारी उतारने और बैठाने से सड़क की जगह लगातार कम होती जाती है।

रविवार को भी यही स्थिति बनी रही। कुछ समय के लिए पैदल चलने वालों के लिए भी रास्ता मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या केवल रविवार की नहीं है। रोजाना सुबह से शाम तक इस क्षेत्र में इसी तरह जाम की स्थिति बनी रहती है।

यातायात पुलिस की मौजूदगी नहीं होने पर उठे सवाल

इतनी भीड़ और जाम के बावजूद मौके पर यातायात पुलिस का कोई जवान नजर नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि व्यस्त समय में यातायात पुलिस की नियमित तैनाती की जाए तो स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

नागरिकों ने मांग की है कि गलगला चौक पर नियमित यातायात पुलिस की तैनाती की जाए। साथ ही ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्थान बनाए जाएं और सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाए।

लोगों का कहना है कि जब तक ई-रिक्शा के लिए तय स्टॉपेज और पार्किंग की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक गलगला चौक पर जाम की समस्या बनी रहेगी। प्रशासन को इस मामले में स्थायी व्यवस्था बनाने की जरूरत है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp