धार। रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मागोद-अमझेरा-मनावर हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि परिवार के लोग रक्षाबंधन के लिए बहन के घर बुलावा देने जा रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे उनकी बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अंतर सिंह (32), अशोक (4) और उनके चाचा भूरू सिंह की जान चली गई। वहीं 12 वर्षीय रेशम गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे उपचार के लिए गंधवानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद बोलेरो छोड़कर भागा चालक
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली है।
पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की खबर से परिवार में मातम का माहौल है।