akhbaar update

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में डॉग कैचर टीम को लेकर विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

 



जबलपुर। महाराजपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की गली नंबर-2 में सोमवार को कुत्तों को पकड़ने को लेकर कथित डॉग किलर और डॉग लवर के बीच विवाद हो गया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक बहस होती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में दुर्गा शुक्ला और कुछ लोगों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। मौके पर नगर निगम की डॉग कैचर टीम भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि टीम ने गली से कुछ कुत्तों को पकड़ा था, जिसके बाद विवाद की स्थिति बन गई।

वीडियो में महिला का कहना है कि पकड़े गए कुत्तों की नसबंदी की जाएगी और इसके बाद उन्हें वापस उसी क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। वहीं, मौके पर मौजूद कुछ लोग इसका विरोध करते हुए कुत्तों को वापस नहीं छोड़ने की बात कह रहे थे। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में कुत्ते लोगों को काट रहे हैं।

बहस के दौरान एक बच्ची का भी जिक्र किया गया। कुछ लोगों ने दावा किया कि बच्ची को कुत्ते ने काटा है। इस पर महिला ने विरोध करते हुए कहा कि बच्ची उसकी बेटी है और उसे कुत्ते ने नहीं काटा है।

इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी मामले पर नजर रख रही है। अधारताल पुलिस के अनुसार, रविवार को एक महिला इस संबंध में थाने पहुंची थी। अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp