जबलपुर। एल्गिन अस्पताल में रविवार देर रात करीब 3:30 बजे दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशे की हालत में अस्पताल के मुख्य द्वार से अंदर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक आपस में विवाद करते रहे। इस दौरान एक युवक के हाथ में धारदार चाकू भी दिखाई दिया।
हंगामे के चलते अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। दोनों युवक वार्ड के गलियारे से होते हुए बाहर तक झगड़ते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच मारपीट और गाली-गलौज होती रही। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी युवकों ने अभद्रता की।
सुरक्षाकर्मियों से भी की अभद्रता
घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन बताया जा रहा है कि युवकों ने उनके साथ भी विवाद किया। इसके बाद तीमारदारों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल परिसर में युवकों के बीच विवाद और एक युवक के हाथ में धारदार हथियार दिखाई दे रहा है।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
लेडी एल्गिन अस्पताल में बड़ी संख्या में प्रसूता महिलाएं और नवजात शिशु भर्ती रहते हैं। ऐसे संवेदनशील अस्पताल परिसर में देर रात हथियार लेकर युवकों के प्रवेश करने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद अस्पताल की रात्रिकालीन सुरक्षा, मुख्य द्वार पर निगरानी और प्रवेश की जांच व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से रात के समय सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।