akhbaar update

राइट टाउन, नेपियर टाउन और गोलबाजार में 3 दिन से जल संकट, बिजली फॉल्ट से ठप हुई पानी की सप्लाई

 



जबलपुर। शहर के प्रमुख रिहायशी क्षेत्रों राइट टाउन, नेपियर टाउन और गोलबाजार में पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। नलों से पानी नहीं आने के कारण हजारों लोगों को निजी बोरिंग, हैंडपंप और अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि बड़े विद्युत फॉल्ट के कारण मुख्य जल टंकियां पर्याप्त मात्रा में नहीं भर सकीं, जिससे इन क्षेत्रों की जल आपूर्ति प्रभावित हुई।

लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम के जल विभाग ने सुधार कार्य शुरू किया। जल विभाग के कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव के अनुसार, तकनीकी खराबी को ठीक कर दिया गया है और अब प्रभावित क्षेत्रों में जल प्रदाय सामान्य करने का काम किया जा रहा है।

मुख्य टंकियां नहीं भर पाने से बिगड़ी व्यवस्था

जल शोधन संयंत्र और मुख्य पंपिंग स्टेशनों पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने से वितरण टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच सका। इसका सीधा असर शहर के मध्य क्षेत्र की जल आपूर्ति पर पड़ा।

रहवासियों का कहना है कि अचानक पानी की सप्लाई बंद होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। लोगों को खाना बनाने, नहाने और अन्य घरेलू जरूरतों के लिए निजी बोरिंग और हैंडपंपों से पानी जुटाना पड़ा। कई लोगों ने समय पर वैकल्पिक टैंकर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत भी की।

गढ़ा और रांझी समेत अन्य क्षेत्रों में भी शिकायतें

शहर के गढ़ा, शक्तिनगर, गुप्तेश्वर और रांझी क्षेत्रों में भी जल आपूर्ति को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। कुछ इलाकों में नियमित जल आपूर्ति नहीं होने के साथ पाइपलाइन से गंदा और बदबूदार पानी आने की शिकायत भी रहवासियों ने की है।

जल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पंपिंग स्टेशन की विद्युत समस्या को ठीक कर लिया गया है और पाइपलाइनों में दबाव सामान्य किया जा रहा है। हालांकि कुछ इलाकों में पानी की धार अभी भी कमजोर बताई जा रही है।

रहवासियों ने नगर निगम से जल आपूर्ति की नियमित निगरानी, खराब पाइपलाइनों की मरम्मत और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक टैंकर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp