जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय कारागार में आगामी 28 अगस्त को रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान जेल में बंद भाई-बहनों से मुलाकात के लिए 15 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। जेल प्रशासन ने मुलाकात और राखी से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए विशेष नियम भी तय किए हैं।
केंद्रीय कारागार के जेलर मदन कमलेश ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जेल में रक्षाबंधन का आयोजन किया जाएगा। मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक अपना नाम दर्ज कराना होगा।
जेल कैंटीन से ही खरीदनी होगी सामग्री
जेल प्रशासन के अनुसार, परिजनों को घर से राखी, मिठाई या अन्य सामग्री लाने की अनुमति नहीं होगी। रक्षाबंधन के लिए जेल परिसर में विशेष कैंटीन स्टॉल लगाए गए हैं। इन्हीं स्टॉल से राखी, मिठाई और निर्धारित सामग्री खरीदकर बंदी से मुलाकात की जा सकेगी।
प्रत्येक परिवार को आधा किलो मिठाई, आधा किलो सेब, आधा किलो केला, रूमाल, रक्षासूत्र, समोसे और कुमकुम ले जाने की अनुमति होगी।
महिला बंदियों से मुलाकात के लिए अलग व्यवस्था
जेल में निरुद्ध पुरुष बंदियों से उनकी बहनों की मुलाकात नई जेल में कराई जाएगी। भाई को राखी बांधने आने वाली महिलाओं के साथ पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति रहेगी।
वहीं, महिला बंदियों से मिलने आने वाले पुरुष परिजनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। उनकी मुलाकात नई जेल के कार्यालय परिसर में कराई जाएगी।
एनएसए बंदियों के लिए कलेक्टर की अनुमति जरूरी
जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत निरुद्ध बंदियों से रक्षाबंधन पर मुलाकात के लिए कलेक्टर की अनुमति अनिवार्य होगी। इसके अलावा जेल प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना सभी परिजनों के लिए जरूरी रहेगा।