जबलपुर। अपराधियों पर शिकंजा कसने और जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए जबलपुर पुलिस ने रातभर विशेष कांबिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर 269 वारंट तामील किए। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे कई आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर 22 अगस्त की रात 9 बजे से कार्रवाई के लिए शहर और ग्रामीण थानों की अलग-अलग टीमें बनाई गई । इन टीमों की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, नगर पुलिस अधीक्षकों और थाना प्रभारियों ने की।
लंबे समय से फरार आरोपियों पर कार्रवाई
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में फरार आरोपियों और वारंटियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान 117 गैर-जमानती वारंट, 85 गिरफ्तारी वारंट और 67 जमानती वारंट तामील किए गए।
पुलिस के अनुसार, इनमें कई आरोपी ऐसे थे जो पिछले कई वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
25 शराब आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 35 लीटर कच्ची शराब और 491 पाव देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी जांच
पुलिस टीमों ने रात में घूमने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा कि जिले में अपराधियों पर नियंत्रण और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से फरार आरोपियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।