akhbaar update

भाग्यश्री होटल के कमरे में चल रहा था जुआ, पनागर पुलिस ने मारा छापा; 4 जुआरी गिरफ्तार

 



जबलपुर। पनागर पुलिस ने भाग्यश्री होटल के एक कमरे में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के पत्ते और 15 लाख 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में होटल मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

पनागर थाना प्रभारी डीएसपी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि 22 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि भाग्यश्री होटल के कमरा नंबर 114 में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल के कमरे में दबिश दी। पुलिस को देखकर कमरे में मौजूद चार लोगों ने पीछे के दरवाजे से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शुभम पटेल (30), सुनील चौरसिया (45), गनीफ खान (32) और मोहन लाल चौरसिया (68) बताए। ये सभी नरसिंहपुर जिले और गोसलपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ताश के पत्ते और जुए की रकम 15 लाख 6 हजार रुपये बरामद की गई। पुलिस ने नकदी और ताश के पत्ते जब्त कर लिए।

जांच में सामने आया कि भाग्यश्री होटल के मालिक संतोष कुमार बिलौहा (48) ने जुआ खेलने के लिए आरोपियों को कमरा उपलब्ध कराया था। पुलिस ने जुआरियों और होटल मालिक के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ और सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp