akhbaar update

बस यात्रियों से ज्यादा किराया लिया तो होगी कार्रवाई, आरटीओ में ऑपरेटरों की बैठक

 



जबलपुर। यात्रियों से तय किराए से ज्यादा रकम वसूलने की शिकायतों के बाद शुक्रवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में शहर के सभी बस संचालकों की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों ने बस संचालकों को निर्धारित किराए का ही पालन करने के निर्देश दिए।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा ने बताया कि राज्य शासन के परिवहन विभाग ने हाल ही में बसों के किराए में बढ़ोतरी की है। इसके बावजूद कुछ बस संचालकों द्वारा तय दर से ज्यादा किराया लेने की शिकायतें सामने आई हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई बस संचालक शासन द्वारा निर्धारित किराए से अधिक राशि यात्रियों से वसूलता पाया गया तो इसे परमिट की शर्तों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे संचालकों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

बस संचालकों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में बस संचालकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। इनमें के-फार्म, व्हीएलटीडी और वाहन स्क्रैपिंग योजना के तहत पंजीकृत वाहनों को मासिक कर में छूट नहीं मिलने से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं।

अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बसों में किराए की सूची लगाई गई

बैठक के बाद अधिकारी और बस संचालक आईएसबीटी बस स्टैंड पहुंचे। यहां बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर तिवारी और अन्य संचालकों की मौजूदगी में अलग-अलग मार्गों पर चलने वाली बसों में निर्धारित किराए की सूची चस्पा कराई गई।

अब यात्रियों को बस में तय किराए की जानकारी मिल सकेगी और अधिक किराया वसूले जाने की स्थिति में शिकायत भी की जा सकेगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp