जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने मैहर जिले के झिन्ना में बन रहे 132 केवी सबस्टेशन और कोटर-झिन्ना ट्रांसमिशन लाइन का निरीक्षण किया। इस परियोजना पर करीब 109.02 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
यह बिजली परियोजना जल जीवन मिशन के तहत तैयार की जा रही है। इसके पूरा होने से सतना, मैहर, रीवा, सीधी और मऊगंज जिलों की ग्रामीण नल-जल योजनाओं को लगातार और बेहतर बिजली मिल सकेगी।
नल-जल योजनाओं को मिलेगी लगातार बिजली
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गांवों में घर-घर पानी पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए पंपिंग स्टेशनों को लगातार बिजली की जरूरत होती है। नया सबस्टेशन और ट्रांसमिशन लाइन तैयार होने के बाद इन योजनाओं को बिजली की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
प्रबंध संचालक ने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को काम में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
जमीन संबंधी दिक्कतें जल्द दूर करने के निर्देश
ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण में आ रही जमीन से जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर इन समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन और एमपी ट्रांसको मिलकर कर रहे काम
परियोजना का निर्माण डिपॉजिट वर्क मॉडल पर किया जा रहा है। इसकी आर्थिक व्यवस्था जल जीवन मिशन के माध्यम से की जा रही है, जबकि निर्माण, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी एमपी ट्रांसको की रहेगी।