akhbaar update

पुलिस का बड़ा एक्शन, हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कट्टों का जखीरा बरामद

 



जबलपुर। लार्डगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध पिस्टल बरामद की है। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो साथियों को भी दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से एक पिस्टल, दो देशी कट्टे और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी दीपक जाटव को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और मैगजीन में लोड एक कारतूस मिला। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह अपने साथियों आकाश पटेल और आनंद चौधरी के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है।

दो साथी भी हथियारों सहित गिरफ्तार

दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने घेराबंदी कर आकाश पटेल और आनंद चौधरी को भी पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक देशी कट्टा, एक-एक जिंदा कारतूस तथा नकदी बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक जाटव भोपाल में दर्ज हत्या के एक मामले में जमानत पर बाहर था और ग्वारीघाट के हत्या के प्रयास के प्रकरण में फरार चल रहा था। वहीं आकाश पटेल पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आनंद चौधरी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के 5 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब हथियार उपलब्ध कराने वाले और खरीदारों की तलाश में जुटी है तथा पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp